खण्ड विकास अधिकारी ने खाद्यान्न भंडार का किया औचक निरीक्षण

ख़बर शेयर करें

भवाली। मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल अरविन्द पाण्डे के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट की उपस्थिति में राजकीय खाद्यान्न भंडार मेहरागांव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया गया, जिसमें समस्त स्टॉक सही पाया गया। जानकारी के अनुसार मेहरागांव स्थित राजकीय खाद्यान्न भंडार की संग्रहण क्षमता 1500 एमटी है। इस गोदाम से भीमताल व रामगढ़ विकासखंड के अलावा नैनीताल, भीमताल और भवाली शहरी क्षेत्रों के राशन कार्ड धारकों को 66 उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की जाती है। निरीक्षण के दौरान गोदाम में खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का सुव्यवस्थित ढंग से क्रेटों के ऊपर सुरक्षित भंडारण पाया गया। वहीं गोदाम के बाहर छह खाद्यान्न से भरे ट्रक खड़े मिले। ट्रक चालकों द्वारा प्रस्तुत टीडी स्लिप के अवलोकन में पाया गया कि रेलशीर्ष हल्द्वानी से 12 मई 2026 को चार ट्रकों में 740 कट्टों के माध्यम से 375.12 कुंतल गेहूं प्राथमिक परिवार योजना के तहत तथा दो ट्रकों में राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत 360 कट्टों में 182.52 कुंतल गेहूं भेजा गया था। निरीक्षण के दौरान गोदाम में संग्रहित नमक के निस्तारण का मामला भी सामने आया। अभिलेखों के अनुसार गोदाम प्रभारी द्वारा कई बार पत्राचार किए जाने के बावजूद नमक का निस्तारण नहीं हो पाया है, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। इस संबंध में स्टॉक रजिस्टर में भी टिप्पणी दर्ज की गई। खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग ने बताया कि अभिलेखों के अवलोकन से यह भी स्पष्ट हुआ कि जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन द्वारा 4 अप्रैल 2026 को गोदाम का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जा चुकी है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page