भवाली के बेटे ने चोट के बाद भी रच दिया इतिहास, दिल्ली में गोल्ड जीतकर किया नाम रोशन

ख़बर शेयर करें

भवाली। कठिन परिस्थितियों और गंभीर चोट को मात देते हुए भवाली के युवा खिलाड़ी सूरज नाथ ने दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता ‘मसल मेनिया रीजनल 2026’ में गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। 22 वर्षीय सूरज ने मेन्स फिजीक जूनियर कैटेगरी में पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दिल्ली के आंध्र एसोसिएशन गोदावरी ऑडिटोरियम में आयोजित प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच सूरज ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले भी वह वर्ष 2024 में आयोजित एनपीसी बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। सूरज की यह सफलता इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि 2024 की प्रतियोगिता जीतने के बाद उनकी कमर के निचले हिस्से में गंभीर चोट लग गई थी। चोट इतनी गंभीर थी कि उनका खेल करियर लगभग डेढ़ वर्ष तक प्रभावित रहा और सामान्य दैनिक कार्य करना भी मुश्किल हो गया था। लंबे उपचार और रिकवरी के बाद उन्होंने दोबारा फिटनेस की राह पकड़ी।
सूरज ने बताया कि प्रतियोगिता की जानकारी मिलने पर उन्होंने बिना किसी कोच या प्रोफेशनल ट्रेनिंग के केवल दो माह तक कड़े अनुशासन और अथक मेहनत के साथ तैयारी की। उनके दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिणाम रहा कि उन्होंने वापसी करते हुए सीधे गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बॉडीबिल्डिंग में ही करियर बनाना है और इसके लिए वह निरंतर मेहनत कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। सूरज की इस उपलब्धि पर भवाली और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page