हरी नगर में वन एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता गोष्ठी आयोजित

ख़बर शेयर करें

भवाली। थली बीट के ग्रामसभा हरी नगर में को आदिवासी वेलफेयर सोसाइटी एवं उत्तरी गौला रेंज वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मानव-वन्यजीव संघर्ष, वन अग्नि रोकथाम, प्लास्टिक मुक्त अभियान, पिरूल एकत्रीकरण एवं उसके विभिन्न उपयोगों को लेकर विस्तृत जागरूकता गोष्ठी एवं जनचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों को वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा वन क्षेत्रों में बढ़ रही समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। वहीं वन अग्नि रोकथाम को लेकर जंगलों में आग लगने के कारण, उसके दुष्परिणाम तथा बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। लोगों से अपील की गई कि वन क्षेत्रों में जलती हुई सामग्री, बीड़ी-सिगरेट अथवा अन्य ज्वलनशील वस्तुएं न फेंके और आग लगने की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। गोष्ठी के दौरान प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत ग्रामीणों एवं महिलाओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही गांव एवं वन क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील की गई। इसके अतिरिक्त पिरूल एकत्रीकरण एवं उसके विभिन्न उपयोगों जैसे जैविक खाद, ऊर्जा उत्पादन आदि विषयों पर जानकारी साझा की गई। बताया गया कि पिरूल का उचित प्रबंधन वनाग्नि की घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। वन विभाग की ओर से वन आरक्षी सुनील प्रसाद ने ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष, वन संरक्षण, वन अग्नि रोकथाम, प्लास्टिक मुक्त अभियान एवं पिरूल प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। वहीं पर्यावरण प्रेमी चंदन सिंह नयाल ने प्रकृति संरक्षण एवं स्वच्छ पर्यावरण के महत्व पर अपने विचार रखे। आदिवासी वेलफेयर सोसाइटी के संरक्षक डॉ. विक्रांत तिवारी ने समाज एवं युवाओं की पर्यावरण संरक्षण में भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान हरी नगर, वन पंचायत सरपंच हरी नगर, ग्राम प्रधान महतोली गांव, फायर वॉचर हरीश एवं भास्कर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वन एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तैयार करने तथा वनाग्नि रोकथाम में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page