जंगलों की आग और मानव वन्यजीव संघर्ष पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित

ख़बर शेयर करें

भवाली। पूर्व माध्यमिक विद्यालय सल्याकोट में वन विभाग द्वारा फायर गोष्ठी एवं मानव–वन्यजीव संघर्ष विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों को जंगलों में लगने वाली आग के दुष्प्रभावों तथा मानव–वन्यजीव संघर्ष के कारणों और उनके समाधान के प्रति जागरूक करना रहा।
गोष्ठी के दौरान वन आरक्षी सुनील प्रसाद ने विद्यार्थियों को विस्तार से बताया कि वनाग्नि किस प्रकार जंगलों की जैव विविधता, पर्यावरण और मानव जीवन को गंभीर नुकसान पहुँचाती है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियाँ अपनाकर वन आग की घटनाओं को रोका जा सकता है, जैसे जंगल में जलती हुई सामग्री न छोड़ना और सूखी घास में आग न लगाना।
इसके साथ ही मानव–वन्यजीव संघर्ष के विषय में जानकारी देते हुए बताया गया कि जंगलों के घटते क्षेत्र और बढ़ती मानव गतिविधियों के कारण वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहा है, जिससे वे आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। बच्चों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने और उन्हें नुकसान न पहुँचाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपनल स्टाफ गौरव वर्गली, विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं सहायक अध्यापक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने गोष्ठी को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page