स्कूल में 458 विद्यार्थी और 9 कर्मचारी अनुपस्थित मिले
प्रवेश प्रक्रिया, शुल्क और अभिलेखों की जांच, आयुक्त को भेजी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
हल्द्वानी, 1 अक्टूबर। कुमाऊं आयुक्त के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे और जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) पुष्कर लाल टम्टा ने गुरुवार को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त श्री गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्कूल की प्रवेश प्रक्रिया, अभिलेख, शुल्क व्यवस्था और स्टाफ की उपस्थिति समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रवेश से संबंधित नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अभिलेखों की पड़ताल की। प्रधानाचार्य विजय कुमार जोशी से प्रवेश प्रक्रिया, स्कूल प्रबंधन, विद्यार्थियों से लिए जाने वाले शुल्क और विभिन्न मदों में किए जा रहे खर्च की जानकारी ली गई। संबंधित दस्तावेज भी देखे गए।
निरीक्षण में स्कूल के 77 कार्मिकों में से 68 उपस्थित और नौ अनुपस्थित मिले। वहीं, पंजीकृत 1251 विद्यार्थियों में से 793 उपस्थित और 458 अनुपस्थित पाए गए।
सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सामने आए सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद समयबद्ध तरीके से विस्तृत जांच आख्या कुमाऊं आयुक्त को भेजी जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

