भवाली। वन अपराधों और अवैध वन उपज के परिवहन की रोकथाम को लेकर भवाली वन रेंज में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने श्यामखेत क्षेत्र में एक वाहन से 107 टिन लीसा बरामद किया है। विभाग ने लीसा को कब्जे में लेकर सुल्ताननगरी डिपो में सुरक्षित जमा करा दिया है। प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल वन प्रभाग आकाश गंगवार के निर्देश और वन क्षेत्राधिकारी भवाली विजय मेलकानी के नेतृत्व में 24 सितंबर को भवाली रेंज क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान निगलाट प्रथम बीट के अंतर्गत श्यामखेत में वाहन संख्या UK04CB-8887 संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। वन विभाग की टीम ने वाहन की जांच की तो उसमें 107 टिन लीसा बरामद हुआ।
वन विभाग के अनुसार बरामद लीसा को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर सुल्ताननगरी डिपो में जमा कराया गया है। मामले में वाहन स्वामी के साथ ही लीसा के स्रोत और उसके परिवहन से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग ने प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
चेकिंग अभियान में वन दरोगा भास्कर नैनवाल, वन बीट अधिकारी चंद्रशेखर पलड़िया ने बताया कि वन उपज के अवैध परिवहन और वन अपराधों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में नियमित रूप से निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

