‘हनुमान अंश’ में दिखी शिप्रा-भवाली की खूबसूरती, सिनेमाघरों तक पहुंची कैंची धाम की आस्था
कैंची धाम के दृश्यों ने स्थानीय दर्शकों को किया भावुक, फिल्म की कमाई 72.88 करोड़ पहुंची
भवाली। हल्द्वानी। बाबा नीम करौली के जीवन, भक्ति और आध्यात्मिक संदेश पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। फिल्म में शिप्रा नदी, भवाली घाटी और कैंची धाम के खूबसूरत दृश्यों ने कुमाऊं के स्थानीय दर्शकों को खासा प्रभावित किया है। बड़े पर्दे पर अपने आसपास के पहाड़ और कैंची धाम को देखकर दर्शक भावुक नजर आ रहे हैं।
फिल्म में बाबा नीम करौली के बचपन से लेकर गुजरात में तपस्या, नीब करौरी में ट्रेन रुकने के प्रसंग समेत उनके जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को दिखाया गया है। शोभिनव सत्या के अभिनय और विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन ने फिल्म को आध्यात्मिक रंग दिया है।
चारों शो लगातार पैक
शहर के वॉकवे सिनेपोलिस के असिस्टेंट मैनेजर विनोद कुमार ने बताया कि फिल्म के चारों शो लगातार पैक चल रहे हैं। जन्माष्टमी के दिन टिकट नहीं मिलने के कारण कई दर्शकों को लौटना पड़ा। आगे के शो भी प्री-बुक बताए जा रहे हैं। फिल्म समाप्त होने के बाद सिनेमाघरों में ‘सीता-राम’ के जयकारे भी सुनाई दे रहे हैं।
स्थानीय कारोबार को भी मिली रफ्तार
फिल्म में कैंची धाम और आसपास के क्षेत्रों के दृश्य आने से स्थानीय स्तर पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। कैंची धाम जाने वाले टैक्सी चालकों, होमस्टे संचालकों और कारोबारियों के काम में तेजी आने की बात कही जा रही है। वहीं, दो करोड़ रुपये से कम बजट में बनी फिल्म का 28वें दिन तक भारत में नेट कलेक्शन 72.88 करोड़ रुपये पहुंचने का दावा किया गया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

