ग्राम सौंड में मेगा ड्राइव का शुभारंभ, न्याय रथ से ग्रामीणों तक पहुंचेगी विधिक सहायता

ख़बर शेयर करें

ग्राम सौंड में मेगा ड्राइव का शुभारंभ, न्याय रथ से ग्रामीणों तक पहुंचेगी विधिक सहायता
नैनीताल। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विधिक सेवा योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम सौंड में मेगा ड्राइव चरण-1 का शुभारंभ किया गया। जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल श्री प्रशांत जोशी ने जिला न्यायालय परिसर से न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर ग्राम सौंड के लिए रवाना किया।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सिविल जज (सीडि.) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल श्रीमती पारुल थपलियाल के निर्देशन में अभियान के तहत पैरालीगल वॉलंटियर्स घर-घर जाकर ग्रामीणों से संपर्क करेंगे। इस दौरान पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनकी कानूनी समस्याओं और आवश्यकताओं के अनुसार उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
अभियान में ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध ग्रामीणों तथा अन्य संबंधित लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीणों को विधिक सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। स्थानीय जरूरतों के आधार पर पात्र व्यक्तियों को संबंधित नालसा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मेगा ड्राइव की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा अभियान के दौरान किए गए कार्यों का दस्तावेजीकरण कर प्रगति रिपोर्ट नालसा को भेजी जाएगी। इस अवसर पर आमजन से अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में निःशुल्क विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की गई।
इस दौरान चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सोहन तिवारी, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल हेमा शर्मा, रिटेनर अधिवक्ता तारा आर्या, नाजिर धीरज सुयाल, कनिष्ठ सहायक राहुल डंगवाल, अंबिका, यशवंत कुमार, मनोज बलसुनी, अजय बिष्ट, अनीता बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page