सड़क किनारे घायल मिले युवक ने रास्ते में तोड़ा दम
गरमपानी-खैरना बाजार में देर शाम मिला था युवक, हालत गंभीर होने पर हल्द्वानी किया था रेफर
गरमपानी। खैरना बाजार में बृहस्पतिवार देर शाम सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले 36 वर्षीय युवक की हल्द्वानी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रमेश प्रसाद (36) पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी डोबा, हाल निवासी गरमपानी, बृहस्पतिवार देर शाम खैरना बाजार में सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गरमपानी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। हालांकि, हल्द्वानी ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अभिलाषा पांडे ने बताया कि युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं, चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय ने बताया कि सड़क किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला था। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हल्द्वानी भेजा गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



