- शुक्रवार शनिवार बच्चों ने छोड़ दिया स्कूल जाना
सेनिटोरियम रातीघाट बाईपास पर खड़े वाहनों से लग रहा लंबा जाम, धरना प्रदर्शन की चेतावनी
भवाली। सेनिटोरियम रातीघाट बाईपास में सड़क के दोनों ओर पार्किंग में खड़े वाहनों और भारी यातायात के चलते लगने वाले लंबे जाम से भवाली गांव सिरोड़ी के ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि शुक्रवार और शनिवार को अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बच्चे घंटों जाम में फंसने के बाद बिना स्कूल पहुंचे वापस घर लौट आए, जिसके बाद अभिभावकों ने यह निर्णय लिया। ग्रामीणों के अनुसार अब बाईपास मार्ग पर हर दिन शटल सेवा का संचालन हो रहा है और सेनिटोरियम अल्मोड़ा हाईवे बाईपास से भारी वाहन लगातार गुजर रहे हैं। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और फल कारोबारियों को उठानी पड़ रही है। बुधवार को सिरोड़ी में आयोजित एक कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नीमा बिष्ट की अध्यक्षता में ग्रामीण महिलाओं ने जल्द सेनिटोरियम के पास धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। महिलाओं ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। ग्राम प्रधान नीमा बिष्ट ने बताया कि सिरोड़ी गांव के करीब 40 से 50 बच्चे स्कूल जाते हैं, लेकिन शुक्रवार और शनिवार को जाम की स्थिति इतनी खराब रहती है कि बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। अभिभावक घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं और फलों से भरी गाड़ियां भी समय पर बाजार नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। अब ग्रामीण महिलाओं, बच्चों के साथ मिलकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

