परिवारिक विवाद सुलझाने दिल्ली गए वैलेजली लॉज निवासी दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों की लाश दिल्ली के मंडावली रेलवे स्टेशन के पास मिली है। मृतकों के शरीर में चोट के निशान हैं। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
वैलेजली लॉज स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाले 32 वर्षीय रवि गुप्ता की 10 साल पहले दिल्ली के मडावली में रहने वाली अंजलि से शादी हुई थी। बीते कुछ माह से पति-पत्नी में अनबन चल रही थी। मामला दिल्ली में महिला हेल्पलाइन में चल रहा था। बीते पांच जनवरी को इस मामले में सुलह के लिए हेल्पलाइन में डेट थी। रवि अपने दोस्त 24 वर्षीय गोलू शर्मा वर्तमान निवासी हल्द्वानी मूल निवासी बरेली और आठ वर्षीय बेटे अभिमन्यु को लेकर दिल्ली गया। बेटे को ससुराल में छोड़ा। इसके बाद पांच जनवरी को हेल्पलाइन में पत्नी से मिला। इसके बाद दोनों के बारे में कोई जानकारी परिजनों को नहीं मिली।
दिल्ली पुलिस पर सवाल:परिजनों के मुताबिक 7 जनवरी को हल्द्वानी पुलिस ने सूचना दी कि रवि की लाश मंडावली रेलवे स्टेशन के पास मिली है। परिवार दिल्ली पहुंचा तो पता चला कि शव 5 जनवरी को ही मिल चुका था। रेलवे पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सूचित किया था, लेकिन आधार और पैन कार्ड होने के बावजूद कोई जानकारी उनको नहीं दी गई। वहीं 6 जनवरी को उनके दोस्त गोलू शर्मा का शव भी उसी इलाके में मिला।
शरीर पर कई जगह थे चोट के निशान
परिजनों ने बताया कि रवि के बाएं हाथ, पैर और जबड़े पर चोट के निशान थे। वहीं बताया कि गोलू हल्द्वानी में ऑटो चलाता था और मूल रूप से बरेली का निवासी था। गोलू के परिजनों ने शव बरेली ले जाकर अंतिम संस्कार किया। वहीं रवि का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

