भवाली। क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरोड़ी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने पर्यटक सीजन में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर गंभीर समस्या उठाई है। इस संबंध में ग्राम प्रधान नीमा बिष्ट ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर समाधान की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सेनिटोरियम सिरोड़ी भवाली गाँव सड़क मार्ग पर पर्यटकों के वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। दोनों ओर खड़े वाहनों के चलते न सिर्फ ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी होती है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि कई बार घंटों तक लोग जाम में फंसे रहते हैं। इस समस्या का सबसे ज्यादा असर स्थानीय ग्रामीणों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों के स्कूल जाने, बीमारों को अस्पताल पहुंचाने, दूध और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरटीओ और पुलिस विभाग को स्पष्ट निर्देश जारी कर यातायात व्यवस्था पार्किंग में वाहनो को ठीक करके पार्क किया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के कई गांवों के लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि आरटीओ नैनीताल और पुलिस विभाग को भी भेजी गई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

