कालाढूंगी। कोटाबाग के थपलियागांजा वन पंचायत के सरपंच के नाबालिग बेटे ने बुधवार सुबह जहरीला पदार्थ गटक लिया। आनन फानन में परिजन उसे सीएचसी कोटाबाग लाए। प्राथमिक उपचार के बाद नाबालिग को एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने कोतवाली कालाढूंगी में एंबुलेंस में शव रख प्रदर्शन किया। सरपंच पिता ने कोटाबाग के एक युवक पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक कोटाबाग के थपलियागांजा वन पंचायत के सरपंच धन सिंह बिष्ट का 17 वर्षीय बेटा जगदीश बिष्ट कोटाबाग पॉलिटेक्निक में इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड से कोर्स कर रहा था। वह प्रथम वर्ष का छात्र था। बुधवार सुबह करीब सात बजे जगदीश ने अचानक घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। यह देख परिवार के होश उड़ गए। जगदीश की बचाओ बचाओ की आवाज सुनकर परिजन उसकी ओर दौड़े। पिता धन सिंह घर से 10 किमी दूर बेटे को सीएचसी कोटाबाग लाए। यहां उपचार के बाद आपात सेवा 108 से जगदीश को एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया। जहर खा कर तड़प रहे जगदीश ने मौत से पहले एक युवक पर रुपए मांगने के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। मरने से पहले उसने एक युवक का नाम लेते हुए कहा कि उसने युवक से तीन हजार रुपए उधार लिए थे जो वह गेम में हार गया था। उसने जुए और सट्टे का भी जिक्र किया। मौत से पहले दिए इन बयानों की पिता ने रिकॉर्डिंग बनाई है। पोस्ट मार्टम के बाद जगदीश के शव घर का रहे परिजन कोतवाली कालाढूंगी पहुंच गए। शव को एंबुलेंस में रखकर उन्होंने कोतवाली में प्रदर्शन किया। पिता धन सिंह ने एक युवक के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपी। युवक की गिरफ्तारी के बाद ही शव को कोतवाली से उठाने की जद पर अड़े परिजनों को पुलिस ने बमुश्किल समझाया। मामले में कठोर कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शव घर ले गए। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मामले में तहरीर मिल चुकी है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके को रवाना हुई। घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम का विजिट किया गया है। ई साक्ष्य के माध्यम से घटना स्थल का निरीक्षण एवं अन्य कार्रवाई की जा रही है। परिवार व अन्य लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। ऑनलाइन गेमिंग और पैसे के लेन देन की बात सामने आ रही है। पुलिस द्वारा हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

