कैंचीधाम में यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती, वीकेंड पर बढ़ेगी निगरानी

ख़बर शेयर करें

कैंचीधाम में यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती, वीकेंड पर बढ़ेगी निगरानी
नैनीताल। कैंचीधाम में वीकेंड पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने की। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल में अग्रिम बुकिंग कराने के बाद ही कैंचीधाम आएं। उन्होंने वीकेंड पर सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय से यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने परिवहन विभाग को वीकेंड पर टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में विभागीय बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए। कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग रोकने के लिए सभी दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा।
शिप्रा नदी में स्नान पर रोक
आयुक्त ने शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। वहीं मंदिर समिति को वीकेंड पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
बारापत्थर के जाम पर भी हुई चर्चा
बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बन रही है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश
आयुक्त ने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश भी दिए। लोनिवि अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न मार्गों पर डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य चल रहा है। मंडलायुक्त ने सभी सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार समेत मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page