वीकेंड पर कैंची धाम जाने वालों के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, निजी वाहनों की पार्किंग से होगी शटल सेवा
भवाली। कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। इसका उद्देश्य जाम की समस्या से राहत दिलाना और यातायात को सुचारु बनाए रखना है।
पुलिस के अनुसार प्रत्येक शनिवार और रविवार को अल्मोड़ा एवं रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़–मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं के भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति रहेगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार मस्जिद तिराहा भवाली पर रोका जाएगा या उन्हें रामगढ़ एवं खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा।
वीकेंड पर भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले बाहरी राज्यों और जनपदों के पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम भेजा जाएगा।
इसी प्रकार गेठिया–नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली सेनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा, जहां से शटल सेवा के जरिए कैंची धाम तक पहुंचाया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को भी सेनिटोरियम पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से आगे भेजा जाएगा।
नैनीताल पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वीकेंड के दौरान जारी यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, ताकि सभी को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिल सके।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

