भवाली। स्वतंत्रता दिवस पर अलवर, राजस्थान से नैनीताल कैंची धाम घूमने आए नौ दोस्तों के दल के साथ शनिवार को हादसा हो गया। कैंची धाम दर्शन के लिए पांच टैक्सी स्कूटी से जा रहे दोस्तों में से भवाली अल्मोड़ा हाइवे में एक स्कूटी डाकारोली मोड़ के पास करीब 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11:05 बजे भवाली से कैंची धाम की ओर करीब 2 किलोमीटर आगे मोड़ पर टैक्सी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। स्कूटी पर अलवर, राजस्थान निवासी राम सिंह नरुका (27) पुत्र गिरधारी सिंह अकेले सवार थे। हादसे में उनके सिर और कंधे में गंभीर चोटें आईं। राम सिंह के दोस्तों ने खाई में उतरकर उन्हें बाहर निकाला और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि घायल के कोहनी के पास टांके लगाए गए हैं और सिर में भी चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वही व्यापारी सिकंदर ने बताया कई बार यहां पर हादसे हो गए है। उन्होंने एनएच कर्मियों से सड़क किनारे डिवाइडर सही से लगाने की मांग की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

