टॉपर बेटा-बेटी सभी को मिलेगा लैपटॉप, डिग्री कॉलेज में दाखिले पर 51 हजार
हल्द्वानी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को प्राथमिक विद्यालय तल्ली में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बेटियों और विद्यार्थियों के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल शिक्षा और पोषण तक सीमित न रखकर सेवा, स्वास्थ्य, जागरूकता और जनसहभागिता के केंद्र के रूप में विकसित करना है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हर टॉपर छात्र-छात्रा को सरकार की ओर से लैपटॉप दिया जाएगा। वहीं इंटरमीडिएट के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली बार छात्रसंघ चुनाव में बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है।
डॉ. रावत ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ अभियान सात अक्टूबर तक चलेगा। इसके माध्यम से माताओं, बच्चों और परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं व आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत दो लाभार्थियों को 51-51 हजार रुपये के चेक दिए गए। चार महिलाओं की गोद भराई कर फल वितरित किए गए, जबकि चार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली के लिए एक अतिरिक्त कक्ष शीघ्र स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
इस दौरान जिला सहकारी बैंक के निदेशक निश्चल पांडे, भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट, मंडल अध्यक्ष युगल शर्मा, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष मनोज शाह, दिनेश खुल्बे, बाल विकास परियोजना अधिकारी किरन जोशी, जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, प्रधानाचार्य मीना आर्य, डॉ. रिचा शुक्ला, डॉ. कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, सुपरवाइजर पूनम गोस्वामी समेत अधिकारी, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

