बाल विकास योजनाओं में लापरवाही नहीं चलेगी, शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरे करें अधिकारी: सीडीओ अरविन्द पांडे

ख़बर शेयर करें

बाल विकास योजनाओं में लापरवाही नहीं चलेगी, शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरे करें अधिकारी: सीडीओ अरविन्द पांडे
विकास भवन सभागार भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे की अध्यक्षता में बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित समस्त लाभार्थीपरक योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, नंदा गौरा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर सहित विभाग की अन्य योजनाओं की अद्यतन प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जनपद की सभी परियोजनाओं में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना पर जोर दिया।
सीडीओ ने कुपोषण उन्मूलन, महिलाओं को स्वावलंबी बनाने एवं संरक्षण प्रदान करने के लिए नवाचार गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी ऑनलाइन पोर्टलों पर सूचनाएं प्रतिदिन अद्यतन रखी जाएं।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए सीडीओ ने सख्त चेतावनी दी कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति न होने पर किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अनुलेखा बिष्ट एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page