बेतालघाट में खाद्य विभाग का औचक निरीक्षण

ख़बर शेयर करें
  • गैस गोदाम और पेट्रोल पंप की व्यवस्थाएं जांचीं

बेतालघाट। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने पूर्ति निरीक्षक संजय बिष्ट के साथ बेतालघाट स्थित आनंद फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ईंधन और गैस आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पेट्रोल पंप निरीक्षण के दौरान प्रबंधक द्वारा सभी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए गए। मौके पर विभिन्न वाहनों को सामान्य रूप से ईंधन आपूर्ति की जा रही थी। अभिलेखों के अनुसार निरीक्षण तक पंप से 2058 लीटर डीजल और 486 लीटर पेट्रोल की बिक्री हो चुकी थी, जबकि स्टॉक में 13860 लीटर डीजल और 3585 लीटर पेट्रोल उपलब्ध पाया गया।क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने पंप प्रबंधन को निर्देशित किया कि दूरस्थ क्षेत्र में एकमात्र पेट्रोल पंप होने के कारण उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समय से एडवांस इंडेंट कंपनी को भेजा जाए। साथ ही आपदा एवं वर्षाकाल को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल रिजर्व रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने बेतालघाट गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया, जहां प्रबंधक मोहन चंद्र कांडपाल मौजूद रहे। स्टॉक रजिस्टर के अनुसार घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाए गए, लेकिन मौके पर चार घरेलू सिलेंडर डिफेक्टिव मिले। अधिकारियों ने उन्हें तत्काल इंडियन ऑयल कंपनी को वापस भेजकर सही सिलेंडर मंगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गोदाम में रखी वेइंग मशीन चार्ज न होने के कारण सिलेंडरों का वजन नहीं हो सका। इस पर अधिकारियों ने प्रबंधक को हर समय मशीन चार्ज अवस्था में रखने के निर्देश दिए।
खाद्य विभाग की टीम ने गैस एजेंसी प्रबंधन को यह भी निर्देशित किया कि आपदा एवं वर्षाकाल के मद्देनजर घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक रिजर्व रखा जाए तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न वितरण केंद्रों में नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page