मूक फिल्म ‘द लूप ऑफ लाइफ’ को अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में मिला सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म पुरस्कार

ख़बर शेयर करें

भवाली। मुंबई में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल आईएफएफ 2026 में उत्तराखंड की मूक फिल्म दा लूप ऑफ लाइफ ने मोबाइल शॉर्ट फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म का पुरस्कार हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह फिल्म इंटरनेशनल साइंस कम्युनिटी एसोसिएशन द्वारा आयोजित फेस्टिवल में 8 और 9 मई 2026 को प्रदर्शित की गई थी। फिल्म की खास बात यह रही कि इसमें बिना किसी संवाद के केवल जूतों के माध्यम से एक परिवार की भावनात्मक कहानी को दर्शाया गया। फिल्म में दिखाया गया कि माता-पिता अपने बच्चों को हर परिस्थिति में संभालकर रखते हैं, लेकिन बड़े होने के बाद बच्चे अपने जीवन में व्यस्त हो जाते हैं और माता-पिता अकेले रह जाते हैं। आगे चलकर वही बच्चे जब माता-पिता बनते हैं तो अपने बच्चों के लिए वही जिम्मेदारियां निभाते हैं, जो कभी उनके माता-पिता ने उनके लिए निभाई थीं। इस प्रकार जीवन का चक्र निरंतर चलता रहता है।
फिल्म पूरी तरह मूक शैली में बनाई गई है, जिसमें स्टॉप मोशन तकनीक और वीडियो मिक्सिंग का उपयोग किया गया। फेस्टिवल में फिल्म की प्रस्तुति और विषयवस्तु को दर्शकों एवं निर्णायकों द्वारा खूब सराहा गया।फिल्म की पटकथा एवं निर्देशन डॉ. अनीता नेगी ने किया, जबकि क्रिएटिव डायरेक्शन डॉ. भुवन तिवारी द्वारा किया गया। दोनों वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय चौखुटा में प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अज़रा परवीन सहित समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने इसे संस्थान और क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। वहीं इस सफलता से क्षेत्रवासियों में भी खुशी की लहर है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page