भवाली। प्रसिद्ध शिव भजन गायक हंसराज रघुवंशी मंगलवार को प्रसिद्ध नीब करौरी बाबा कैंची धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा के दरबार में माथा टेककर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। धाम पहुंचने पर हंसराज रघुवंशी पारंपरिक भगवा वेशभूषा में नजर आए। उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं। दोनों ने श्रद्धाभाव से बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और मंदिर परिसर में कुछ समय ध्यान एवं पूजा अर्चना की।
हंसराज रघुवंशी के कैंची धाम पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और उनके प्रशंसक मंदिर परिसर में जुट गए। लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने भी सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए बाबा के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। नीब करौरी बाबा का कैंची धाम देश विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां समय-समय पर फिल्मी कलाकार, संगीतकार, खिलाड़ी और विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रसिद्ध हस्तियां बाबा के दर्शन के लिए पहुंचती रहती हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

