लोअर मॉल रोड की समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर शीलू कुमार ने पुनीत टंडन से की वार्ता
नैनीताल। लोअर मॉल रोड की बदहाल स्थिति और इससे स्थानीय व्यापारियों व आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर शीलू कुमार ने नैनीताल पहुंचकर व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच लोअर मॉल रोड की वर्तमान स्थिति, सड़क से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके स्थायी समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
वार्ता के दौरान सड़क की स्थिति के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को होने वाली दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही सड़क की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, आवागमन सुचारु रखने तथा भविष्य में समस्या दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
शीलू कुमार ने कहा कि नैनीताल देश-दुनिया में अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन के लिए पहचान रखता है। ऐसे में शहर की प्रमुख सड़कों और पर्यटन से जुड़े क्षेत्रों की व्यवस्थाएं बेहतर होना बेहद जरूरी है। लोअर मॉल रोड नैनीताल की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है और इससे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों का भी आवागमन जुड़ा है। इसलिए सड़क से संबंधित समस्याओं का जल्द और स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन ने भी लोअर मॉल रोड से जुड़ी समस्याओं और व्यापारियों को पेश आ रही परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति बेहतर होने से स्थानीय व्यापारियों के साथ पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

