17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, 11 कार्यक्रमों से बढ़ेगी जनभागीदारी
भीमताल। विकसित उत्तराखंड@2047 के संकल्प को साकार करने के लिए जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से अभियान की गतिविधियों को संचालित करने के निर्देश दिए। अभियान के लिए सीडीओ को जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
11 प्रमुख कार्यक्रमों से होगी भागीदारी
सीडीओ ने बताया कि अभियान के तहत जिले में 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, लाभार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आम नागरिक शामिल होंगे। वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, शिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
शिविर लगाकर योजनाओं का दिलाएंगे लाभ
‘सेवा सेतु’ के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में विभागीय स्तर पर सहयोग किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे।
सफल लाभार्थियों की कहानियां होंगी प्रदर्शित
अभियान के दौरान सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि योजनाओं से किस तरह आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी स्तर पर बदलाव आया है। सरकार की जनहितकारी पहलों और महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
सीडीओ ने कहा कि सेवा, सहभागिता और संकल्प के जरिए विकसित उत्तराखंड की दिशा में आगे बढ़ना संभव है। अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर सेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देना और अधिक से अधिक नागरिकों को विकास की प्रक्रिया से जोड़ना है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

