भवाली। । नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक स्थित भियालगांव में गुरुवार को प्रकृति प्रेमी जगदीश चन्द्र (जीतू) के नेतृत्व में बीज बम अभियान सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने वृक्षारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वन दरोगा संजय कुमार टम्टा अपनी पूरी टीम के साथ अभियान में शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2019 से प्रत्येक वर्ष 9 जुलाई से 15 जुलाई तक बीज बम अभियान सप्ताह मनाया जाता है। इस वर्ष अभियान का राज्यस्तरीय शुभारंभ देहरादून में वन एवं पर्यावरण मंत्री सुबोध उनियाल ने किया। अभियान के तहत मिट्टी और कंपोस्ट खाद को पानी से गीला कर छोटे-छोटे गोले तैयार किए जाते हैं, जिनमें मौसमी पौधों के बीज डाले जाते हैं। इन बीज बमों को जंगलों में विभिन्न स्थानों पर फेंका जाता है, जहां वर्षा के दौरान बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप लेते हैं। इन पौधों से मिलने वाले फल और पत्तियां वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक भोजन का स्रोत बनती हैं। आयोजकों ने बताया कि बीज बम अभियान का उद्देश्य जंगलों में वन्यजीवों के लिए भोजन की उपलब्धता बढ़ाना, मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना, भू-कटाव रोकना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी विजय चन्द्र भट्ट ने प्रकृति प्रेमी जगदीश चन्द्र (जीतू) और सभी ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण के लिए बधाई दी। उन्होंने लोगों और पर्यटकों से भी अधिक से अधिकपौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम में वन विभाग से वन दरोगा संजय कुमार टम्टा, वन आरक्षी रमेश चन्द्र सिंह, बिपिन बिष्ट, मनोज कैड़ा, भूपाल सिंह, हरेन्द्र अधिकारी, कुन्दन प्रसाद सहित पूर्व सरपंच भूपेंद्र प्रसाद, क्षेत्र पंचायत सदस्य तुलसी देवी, सरपंच दीपा देवी, सुशीला देवी, निकिता, पंकज, विजय, दीपक, पिंकी, पूरन चन्द्र, हिमांशु एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

