स्काउट गाइड प्रशिक्षण से निखरेंगे शिक्षक, बच्चों में विकसित होगी सेवा भावना

ख़बर शेयर करें

भवाली। डीविटो स्कूल भवाली में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान में बेसिक स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन कोर्स का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में नैनीताल जिले के विभिन्न पर्वतीय विकासखंडों से पहुंचे शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में जिला मुख्यायुक्त एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी रघुवीर सिंह नेगी की मौजूदगी रही। स्कूल मैनेजर ट्रिजा जॉर्ज ने प्रतिभागियों को स्काउटिंग एवं गाइडिंग के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रशिक्षण के तीसरे दिन आयोजित शिविराग्नि कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश आर्या मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने स्काउट आंदोलन की समाजोपयोगी भूमिका की सराहना करते हुए शिक्षकों से विद्यालयों में बच्चों को स्काउट-गाइड की शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना, टीमवर्क, प्राथमिक चिकित्सा, शिविर कौशल, प्रकृति अध्ययन, झंडे का सम्मान और सामुदायिक सेवा समेत विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को इस तरह तैयार करना है कि वह अपने विद्यालयों में स्काउट-गाइड इकाइयों का प्रभावी संचालन कर सकें और बच्चों में चरित्र निर्माण, अनुशासन व सामाजिक सेवा की भावना विकसित कर सकें।
प्रशिक्षण दल में जिला सचिव नैनीताल आरएस जीना, चंद्र लाल, पुष्पा दरमवाल, सीमा सेन, संतोष कुमार जोशी, बीएन उपाध्याय, नीरू और सरिता लोहनी शामिल हैं। प्रशिक्षकों की ओर से प्रतिभागियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास भी कराया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण के माध्यम से नैनीताल जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में स्काउट-गाइड आंदोलन को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे विद्यालय स्तर पर बच्चों को अनुशासन, नेतृत्व, देशभक्ति और सेवा भावना से जोड़ने में मदद मिलेगी।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल के वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page