दुःखद::बेरीपड़ाव में सड़क हादसा, स्कूटी सवार युवक की मौत

ख़बर शेयर करें

राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और हाईवे से जुड़ी लिंक सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
पुलिस के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 32 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्ण नंद कांडपाल शनिवार प्रातः करीब 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव की 25 वर्षीय नेहा कांडपाल पुत्री पुष्कर कांडपाल भी स्कूटी पर सवार थी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही स्कूटी गांव के मुख्य मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग में पहुंचने को बनी लिंक सड़क से हाईवे पर इंटर कर रही थी, उसी दौरान हादसा हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार लिंक सड़क की हालत बेहद खराब, पथरीली और गड्ढानुमा है, जिससे वाहन असंतुलित हो जाते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण स्कूटी अनियंत्रित होकर हाईवे पर चल रहे डंपर uk 01 ca 3035 की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि कार्तिक कांडपाल की मौके पर ही मौत हो गई। घायल नेहा कांडपाल के सिर में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक कार्तिक कांडपाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। कार्तिक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने लिंक सड़क की जर्जर हालत को हादसे का प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासन से तत्काल मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page