दर्दनाक सड़क हादसे में रिक्शा चालक की मौत

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। शहर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मंगलवार रात करीब 10:25 बजे बेस अस्पताल के समीप हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक पल्सर बाइक (नंबर UK 04 AN 5778) चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए एक रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया।

पुलिस टीम ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए दोनों घायलों को उपचार के लिए तुरंत बेस अस्पताल पहुंचाया।

दुर्घटना में घायल रिक्शा चालक नरेश सिंह (25 वर्ष) पुत्र हरीश सिंह, निवासी तारा टेंट हाउस, लालडांठ, हल्द्वानी की हालत गंभीर होने पर उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं हादसे में घायल बाइक सवार सूरज बिष्ट (25 वर्ष) पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट, निवासी गजर, थाना मुक्तेश्वर को भी प्राथमिक उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार न होने पर सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page