नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चल रहे राशन कार्ड सत्यापन अभियान के तहत जनपद नैनीताल में भी तेजी से कार्रवाई हो रही है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सत्यापन के लिए जनपद, तहसील और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए हैं।
जनपद स्तर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), तहसील/शहर स्तर पर उपजिलाधिकारी और विकासखंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नैनीताल तहसील में उपजिलाधिकारी नवाजिश ख़लीक़ को शहरी क्षेत्र का नोडल अधिकारी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। टीम में अधिशासी अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जनपद में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्राथमिक परिवार के 1,13,642, अंत्योदय अन्न योजना के 17,834 और राज्य खाद्य योजना के 1,01,104 राशन कार्डों का सत्यापन कराया जा रहा है।नैनीताल तहसील में अब तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक परिवार के 4281, अंत्योदय के 363 और राज्य खाद्य योजना के 4508 कार्ड सत्यापित हो चुके हैं। सत्यापन के दौरान प्राथमिक परिवार के 160, अंत्योदय के 11 और राज्य खाद्य योजना के 143 कार्ड अपात्र पाए गए। कुल 314 कार्डों को निरस्त करने की कार्रवाई विभाग द्वारा शुरू कर दी गई है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सत्यापन के दौरान कई घरों में ताला लगा मिला, जिससे उन परिवारों के राशन कार्ड सत्यापित नहीं हो सके। ऐसे कार्ड धारकों को जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में आकर सत्यापन कराना होगा। बिष्ट ने अपील की कि जिन राशन कार्ड धारकों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे तुरंत संबंधित राशन की दुकान पर जाकर या प्ले स्टोर से ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप डाउनलोड कर घर बैठे ही ई-केवाईसी पूरी कर लें। बिना ई-केवाईसी के राशन मिलना बंद हो सकता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

