स्वच्छता व्यवस्था पर जताया संतोष, टीबी उन्मूलन सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सुधार के दिए निर्देश
भवाली। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कुमाऊं मंडल निदेशक डॉ. केके अग्रवाल ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने अस्पताल के उपस्थिति रजिस्टर, कार्यालय भवन, औषधि वितरण कक्ष, लेबर रूम, लेबर वार्ड, बर्थ वेटिंग रूम, डेंटल रूम, एक्स-रे कक्ष, इमरजेंसी कक्ष, ईसीजी कक्ष और नर्सिंग स्टाफ कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल के आवासीय भवनों और ट्रांजिट हॉस्टल की व्यवस्थाएं भी देखीं। अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
इसके बाद निदेशक ने अस्पताल के समस्त स्टाफ के साथ बैठक कर टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सुधार लाने, निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप पांडे, डॉ. अनंता, डॉ. अभिषेक, डॉ. अर्चना, चीफ फार्मासिस्ट अधिकारी भूपाल सिंह बोरा, फार्मेसी अधिकारी ललिता, वरिष्ठ अकाउंटेंट प्रीति कुमार, शिवांगी, बीपीएम दिनेश कुमार, बीएलए पंकज आर्य, डीईओ पंकज पंत और मधुसूदन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।l
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



