- निर्णय जल्द वापस नही लिया तो होगा आंदोलन
भवाली। राजकीय बालिका इंटर कालेज तल्ला रामगढ़ को राजकीय इंटर कॉलेज में मर्ज किए जाने की चर्चाओं के बीच क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। इस संबंध में ग्राम प्रधान, एसएमसी पदाधिकारियों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भीमताल विधायक को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय को मर्ज न किए जाने की मांग उठाई है। ज्ञापन में कहा गया है कि राजकीय बालिका इंटर कालेज तल्ला रामगढ़ ब्लॉक का एकमात्र विद्यालय है, जहां दूर-दराज के गांवों से छात्राएं शिक्षा ग्रहण करने पहुंचती हैं। कई बच्चों को विद्यालय आने के लिए 8 से 10 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में कालेज के मर्ज होने से छात्राओं की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय बंद अथवा मर्ज होने की स्थिति में बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की पढ़ाई प्रभावित होगी और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ज्ञापन में क्षेत्र की जनभावनाओं एवं छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को यथावत संचालित रखने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि विद्यालय को मर्ज करने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो क्षेत्र की जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान
विद्यालय प्रबंधन समिति एसएमसी अध्यक्ष पुष्पा भट्ट, ग्राम प्रधान तुलसी, प्रधान रीता दरमवाल, प्रधान पंकज जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र मेहरा, एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधी मौजूद हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

