भीषण आग में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई।

ख़बर शेयर करें

दिल्ली। पुलिस के मुताबिक, पालम गांव स्थित साध नगर के राम चौक मार्केट में एक चारमंजिला इमारत के बेसमेंट, भूतल और पहले तल्ले पर कॉस्मेटिक और कपड़ों का थोक व्यापार होता था। इन तलों पर भारी मात्रा में सिंथेटिक कपड़े, प्लास्टिक और केमिकल वाले कॉस्मेटिक उत्पाद रखे थे। सुबह 6:15 बजे शॉर्ट सर्किट से इमारत में आग लग गई और इन सामानों ने आग को बारूद जैसी रफ्तार दे दी। भवन मालिक 71 वर्षीय राजेंद्र कश्यप का परिवार ऊपर के दो तलों पर सो रहा था। घर के भीतर लगा अस्थायी टिन शेड व फर्नीचर लपटों की वजह से भट्टी की तरह तपने लगा था। आग में फंसा परिवार खुद काे बचाने की गुहार लगाने लगा।

बेटी को नीचे फेंक खुद भी कूदा : प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दमकल की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले आग को तेजी से फैलता देख जान बचाने के लिए राजेंद्र के बेटे अनिल ने अपनी बेटी को दूसरे तल से नीचे फेंक दिया था। इसके बाद वह फिर खुद भी नीचे सड़क पर कूद गया।

दीवार-खिड़कियां तोड़कर परिवार को बचाने की कोशिश: पड़ोसियों ने दीवार और खिड़की तोड़कर इमारत में फंसे परिवार को बचाने की कोशिश की। मगर आग की भयंकर लपटों और धुएं के कारण वे भी बेबस थे। सूचना पर सुबह 7:04 बजे पुलिस और दमकलकर्मी करीब 20 गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीन बच्चों समेत कुल 12 लोगों को इमारत से बाहर निकाला। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। द्वारका स्थित मणिपाल अस्पताल में आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आईजीआई अस्पताल में एक महिला को मृत घोषित किया गया, बाकी तीन घायलों का इलाज चल रहा है।

युवक बुरी तरह से झुलसा : पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में राजेंद्र कश्यप की पत्नी लाडो, बेटे कमल और प्रवेश, बेटी हिमांशी, पुत्रवधु दीपिका और आशू, 15 वर्षीय पौत्री निहारिका, छह वर्षीय इवानी और तीन वर्षीय जेसिका शामिल हैं। वहीं, राजेंद्र के बेटे सचिन, अनिल और दो वर्षीय पौत्री मिताली घायल हैं। सचिन 25% तक जल गया है,जो सफदरजंग में भर्ती है।

तो बच सकती थी कई जान : प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दमकल विभाग की हाइड्रोलिक लैडर ने काम नहीं किया। इसके चलते दमकलकर्मी समय रहते ऊपर नहीं पहुंच पाए और कई लोगों की जान चली गई।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका : स्थानीय पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच में जुट गई है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से इमारत में आग लगी। क्राइम और एफएसएल की टीमों ने भी मौके से जरूरी सुराग एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि इनकी रिपोर्ट के आधार पर ही आग लगने का सही कारण पता चल पाएगा।

Join WhatsApp Group
Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page