सात करोड़ के हनी ट्रैप में नए खुलासों की तैयारी, ज्योति के पुराने संपर्क खंगाल रही पुलिस

ख़बर शेयर करें

सात हजार की नौकरी से सात करोड़ के कथित हनी ट्रैप तक पहुंची ज्योति

2012 में आईटीआई कर्मचारियों पर आरोप लगाकर आई थी चर्चा में, अब पुराने मामलों से लेकर संपत्तियों तक की जांच में जुटी पुलिस

हल्द्वानी। सात करोड़ रुपये के बहुचर्चित हनी ट्रैप मामले में मुख्य आरोपी बताई जा रही ज्योति सिंह का पुराना इतिहास भी अब पुलिस जांच के दायरे में आ गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वर्ष 2012 में आईटीआई में महज सात हजार रुपये के मासिक मानदेय पर अस्थायी नौकरी करने वाली ज्योति का नाम अब शहर के एक बड़े कारोबारी से कथित तौर पर करोड़ों रुपये की वसूली के मामले में सामने आया है। पुलिस पुराने विवादों, संपर्कों और संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2012 में ज्योति रामपुर रोड स्थित प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय (आईटीआई) में उपनल के माध्यम से कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात थी। उसे करीब सात हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता था। इसी दौरान उसने विभाग के एक अधिकारी पर दुराचार और पांच अन्य कर्मचारियों पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। विवाद बढ़ने के बाद उसकी नौकरी चली गई थी।

यह भी पढ़ें 👉  कट्टरता से बुरी बात कुछ नहीं, मनुष्यता ही सबसे बड़ी प्राथमिकता, प्रो. शिरीष कुमार मौर्य

करीब दो साल बाद हल्द्वानी में तैनात एक वित्त अधिकारी से जुड़े मामले में भी उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि, बाद में आरोप साबित नहीं होने पर पुलिस ने मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। अब ताजा मामले के सामने आने के बाद पुलिस उसके पुराने मामलों और वर्तमान संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।

पांच करोड़ नकद और दो करोड़ की संपत्ति लेने का आरोप

वर्तमान मामले में शहर के एक प्रमुख क्रशर कारोबारी की तहरीर के मुताबिक, वर्ष 2015-16 में निजी फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग का कथित सिलसिला शुरू हुआ। आरोप है कि महिला और उसके साथियों ने कारोबारी से करीब पांच करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूले। इसके अलावा लगभग दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट, कार और बाइक भी लेने का आरोप लगाया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  सालों से बंद पड़ी पेयजल लाइन खुली, घरों तक पहुंचेगा पानी

मुश्ताक की भूमिका भी जांच के घेरे में

महिला से जुड़े सात सदस्यीय गिरोह में मोहम्मद मुश्ताक नाम के व्यक्ति की भूमिका भी पुलिस जांच के केंद्र में है। पुलिस को संदेह है कि कथित वसूली नेटवर्क के संचालन में उसकी अहम भूमिका हो सकती है। आरोपियों के मोबाइल फोन, संपर्कों और वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से मुख्य आरोपी महिला का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है।

पुलिस के सामने कई बड़े सवाल

इस पूरे मामले में पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं। कथित तौर पर वसूली गई पांच करोड़ रुपये की नकदी कहां और कैसे ठिकाने लगाई गई? चार प्लॉट की रजिस्ट्री में किन लोगों की भूमिका रही? आरोपियों के बैंक खातों और संपत्तियों में कितनी रकम है? क्या इस कथित गिरोह के जाल में अन्य कारोबारी और अधिकारी भी फंसे हैं? इन सभी बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  देवउठनी एकादशी व श्याम बाबा के जन्मदिन पर पीरूमदारा में प्रसाद वितरण कार्यक्रम, भक्तों ने लगाए बाबा श्याम के जयकारे

अन्य लोगों से भी संपर्क करने की अपील

पुलिस आरोपियों के मोबाइल, वित्तीय लेनदेन और पुराने मामलों से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस तरह की कथित ब्लैकमेलिंग का शिकार अन्य लोग तो नहीं हुए हैं। ऐसे किसी भी मामले की जानकारी रखने वाले लोगों से पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई है। उनकी पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।

Join WhatsApp Group
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page