एनसीसी कैडेटों ने लगाया हरित भविष्य का संकल्प

ख़बर शेयर करें

भवाली। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में 79 यूके बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को प्रतिदिन नई-नई गतिविधियों के माध्यम से नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिविर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कैडेटों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कैंप कमांडेंट कर्नल अभिजीत मेहता ने कैडेटों के साथ मिलकर पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। पर्यावरण प्रेमी यशपाल सिंह रावत ने कैडेटों को पौधे लगाने की सही विधि, उनके संरक्षण तथा मानव जीवन में वृक्षों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित करते हैं।
शिविर की शुरुआतप्रातःकालीन पीटी से हुई। इसके बाद कैडेटों को फायरिंग, ड्रिल, माउंटेन रैपलिंग एवं विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। युवा आपदा मित्रों द्वारा आपदा प्रबंधन एवं आपदा के समय बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में सैनिक स्कूल परिसर में 30 से अधिक पौधे लगाए गए। साथ ही कैडेटों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए कला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन मधु सैंगर, सूबेदार मेजर ऑनरेरी लेफ्टिनेंट चंचल सिंह, सूबेदार त्रिभुवन चंद्र, यशपाल सिंह रावत सहित एनसीसी अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कैडेटों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया गया।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  भीमताल में सैनिकों और व्यापारियों के लिए बनेगा बहुद्देशीय भवन, व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page