मुख्यमंत्री के हल्द्वानी दौरे को लेकर अलर्ट मोड में नैनीताल पुलिस
एसपी नैनीताल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दी ब्रीफिंग, वीआईपी सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक के दिए निर्देश
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। शुक्रवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए ड्यूटी में तैनात होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिसकर्मियों को वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार प्रवेश नियंत्रण सुनिश्चित करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखते हुए प्रभावी चेकिंग व तलाशी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था पर भी रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। यातायात पुलिस और सीपीयू को निर्धारित यातायात योजना के अनुसार कार्य करने तथा वीआईपी मूवमेंट वाले मार्गों पर पहले से ही अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ शालीनता और विनम्रता से व्यवहार करने को भी कहा गया।
इस दौरान एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल ने भी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी प्वाइंट, संचार व्यवस्था और मार्ग प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग में सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, कालाढूंगी प्रभारी निरीक्षक अरुण सैनी, बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल, काठगोदाम प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, यातायात निरीक्षक भूपेश पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह समेत वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



