अवैध अतिक्रमण करने वालो को नगर पालिका ने दी सख्त चेतावनी
भवाली। पर्यटन सीजन के बीच भवाली नगर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाना है। रविवार को नगर पालिका परिषद की टीम ने रामगढ़ रोड क्षेत्र में नाले के ऊपर अवैध रूप से किए जा रहे अतिक्रमण को हटाने की बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुधीर कुमार ने बताया कि पालिका को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि रामगढ़ रोड के पास नाले के ऊपर अवैध निर्माण और अतिक्रमण किया जा रहा है। इससे बरसात के दौरान जल निकासी बाधित होने और क्षेत्र में जलभराव की आशंका थी। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए रविवार को पालिका की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि नालों और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर क्षेत्र में अभियान लगातार जारी रहेगा और जहां भी अतिक्रमण की शिकायत मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पालिका प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों और नालों पर अतिक्रमण न करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

