भवाली। नगर क्षेत्र में आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को बेहतर बनाने के लिए भवाली में एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) कार्यालय स्थापित करने की मांग उठने लगी है। इस संबंध मे पूर्व पालिकाअध्यक्ष संजय वर्मा की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौपा गया। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। पत्र में बताया गया है कि भवाली नगर में आपदाओं की घटनाओं को देखते हुए पूर्व में भी नगर पालिका परिषद भवाली द्वारा एसडीआरएफ कार्यालय खोले जाने के लिए शासन-प्रशासन से मांग की गई थी। इसके बाद नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रशासन को भेजा गया था।
पत्र के अनुसार, शासन के निर्देशों के क्रम में 17 दिसंबर 2012 को भवाली नगर के नगर निकाय क्षेत्र जंगलात के खाता संख्या 118 के खेत संख्या 49 में लगभग 0.060 हेक्टेयर भूमि एसडीआरएफ कार्यालय के नाम किए जाने हेतु नाम परिवर्तन/प्रतिबंधों के अधीन हस्तांतरित करने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि भवाली नगर कुमाऊं का प्रमुख द्वार होने के साथ ही नैनीताल, अल्मोड़ा, मुक्तेश्वर सहित पर्वतीय क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यहां एसडीआरएफ कार्यालय का निर्माण होने से आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों में सुविधा मिलेगी। उन्होंने जनहित को देखते हुए एसडीआरएफ कार्यालय निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का अनुरोध किया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

