चलती कार से स्टंट कर रील बनाना पड़ा महंगा, लखनऊ के पर्यटकों पर काठगोदाम पुलिस की सख्त कार्रवाई

ख़बर शेयर करें

चलती कार से स्टंट कर रील बनाना पड़ा महंगा, लखनऊ के पर्यटकों पर काठगोदाम पुलिस की सख्त कार्रवाई
हल्द्वानी/काठगोदाम। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने चलती कार की खिड़कियों पर लटककर स्टंटबाजी करने वाले लखनऊ के पर्यटकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर कुछ युवक चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटककर रील बना रहे थे। उनकी इस खतरनाक हरकत से न केवल उनकी जान खतरे में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी।
मामले की सूचना मिलते ही एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। चौकी प्रभारी मल्ला काठगोदाम दिलीप कुमार ने वाहन को रोककर जांच की, जिसमें कार के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगी मिली। पुलिस ने मौके पर ही ब्लैक फिल्म उतरवाई और मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन का चालान किया।
पूछताछ में कार सवारों ने बताया कि वे लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे और लौटते समय सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे थे। पुलिस ने सभी पर्यटकों को भविष्य में ऐसी जानलेवा हरकत दोबारा न करने की कड़ी चेतावनी दी।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन पर्यटन के नाम पर हुड़दंगबाजी और स्टंटबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रील बनाने या सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ भारी चालान, वाहन सीज करने और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने और देवभूमि की शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page