कैंची धाम शटल सेवा से स्थानीय यात्रियों की बढ़ी परेशानी, घंटों इंतजार को मजबूर यात्री

ख़बर शेयर करें

भवाली। कैंची धाम में इन दिनों प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन द्वारा टैक्सी वाहनों को शटल सेवा में संचालित किया जा रहा है, लेकिन इसका खामियाजा स्थानीय यात्रियों और अन्य गंतव्यों की ओर जाने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। भवाली से नैनीताल, भीमताल और हल्द्वानी मार्ग पर चलने वाले कई टैक्सी वाहन शटल सेवा में लगाए जाने से सामान्य रूटों पर वाहनों की संख्या कम हो गई है। इसके चलते यात्रियों को घंटों तक भवाली चौराहे पर वाहनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
शनिवार को नैनीताल जाने के लिए पहुंचे अभय, विनोद, राहुल और दीपेश ने बताया कि वे करीब डेढ़ घंटे तक भवाली चौराहे पर टैक्सी का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई वाहन नहीं मिला। आखिरकार समय पर गंतव्य तक पहुंचने के लिए उन्हें निजी वाहन बुक कर अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ा। वहीं भीमताल जाने वाली जानकी देवी और उमा देवी ने बताया कि वे करीब एक घंटे तक वाहन की प्रतीक्षा करती रहीं। टैक्सी नहीं मिलने पर उन्हें मजबूरन बस से भीमताल जाना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि कैंची धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ स्थानीय लोगों और नियमित यात्रियों की समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि शटल सेवा के लिए पर्याप्त वाहन लगाए जाएं, ताकि अन्य मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित न हो।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि नैनीताल, भीमताल और हल्द्वानी मार्गों पर नियमित टैक्सी सेवाएं सुचारु रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए, जिससे यात्रियों को अनावश्यक परेशानी और अतिरिक्त खर्च का सामना न करना पड़े।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  वीकेंड पर कैंची धाम में ट्रैफिक प्लान लागू, ग्राउंड जीरो पर उतरे अधिकारी,पार्किंग से मंदिर तक शटल सेवा, एंट्री पॉइंट पर वाहनों को लगाए जा रहे स्टीकर

You cannot copy content of this page