एनसीसी कैडेटों को जंगल सर्वाइवल और भारतीय सेना भर्ती की दी गई जानकारी

ख़बर शेयर करें

भवाली। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में 79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तहत गुरुवार को कैडेटों के लिए दो महत्वपूर्ण विशेष व्याख्यान आयोजित किए गए। इनमें जंगल सर्वाइवल और भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। पहले सत्र में कर्नल विजय द्विवेदी ने ‘जंगल सर्वाइवल’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कैडेटों को जंगल में विपरीत परिस्थितियों में जीवित रहने की तकनीकों से अवगत कराया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपाय, दिशा-निर्धारण, भोजन एवं जल स्रोतों की पहचान, अस्थायी आश्रय निर्माण तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। साथ ही कठिन परिस्थितियों में मानसिक दृढ़ता, अनुकूलन क्षमता और टीमवर्क के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
दूसरे सत्र में आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस अल्मोड़ा के मेजर सुमंत चक्रवर्ती ने भारतीय सेना में भर्ती विषय पर जानकारी दी। उन्होंने सेना में अधिकारी एवं सैनिक स्तर पर उपलब्ध विभिन्न भर्ती योजनाओं, पात्रता मानदंडों, चयन प्रक्रिया और करियर के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। कैडेटों को अग्निवीर योजना, आयु सीमा, शारीरिक मानकों तथा भर्ती के विभिन्न चरणों की जानकारी भी दी गई।
व्याख्यान के दौरान कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से सवाल-जवाब कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण शिविर में आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से कैडेटों के नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा जीवनोपयोगी क्षमताओं का विकास हो रहा है, जो राष्ट्रीय कैडेट कोर के उद्देश्यों के अनुरूप है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page