रामनगर के रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार, 10 महिलाओं को कराया मुक्त
रामनगर। नैनीताल पुलिस ने रामनगर स्थित एक बड़े रिसॉर्ट में चल रहे कथित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया गया। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे रिसॉर्ट को भी सील कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 जुलाई को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर रिसॉर्ट में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, मौके पर महिलाओं के साथ अनैतिक देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी, अश्लील डांस, महिलाओं पर नोट उड़ाने तथा अश्लील हरकतें की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार निवासी मेरठ ने बताया कि उसने अपनी कीटनाशक निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि उसने करीब 10 दिन पहले रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से शराब, महिलाओं और तथाकथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था कराने के लिए संपर्क किया था। 4 से 5 जुलाई तक के लिए रिसॉर्ट करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था। प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई गई थी।
पुलिस ने बताया कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने जानबूझकर आगंतुक रजिस्टर में किसी भी व्यक्ति या महिला का नाम दर्ज नहीं किया, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। इसी आधार पर रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है। मामले में रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब की तीन पेटियां, बीयर की एक पेटी, ₹10 मूल्य के नकली नोटों की 24 गड्डियां, महिलाओं पर उड़ाए गए नोट, आपत्तिजनक सामग्री, लैपटॉप, कई मोबाइल फोन तथा डांस कार्यक्रम में प्रयुक्त म्यूजिक सिस्टम और साउंड उपकरण बरामद किए हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

