गरमपानी- राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की गई, जिसमें एक चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने गंभीर नाराजगी जताते हुए संबंधित चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
वही निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं, दवाइयों की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अस्पतालों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आमजन को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान देव भूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि गरमपानी क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग से लगा हुआ है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, बावजूद इसके अस्पताल में लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त पड़ा हुआ है। उन्होंने जल्द से जल्द रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति करने की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत एवं जवाबदेह बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अस्पतालों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

