गरमपानी – रामगढ़ ब्लॉक के दियारी गांव में एक दर्दनाक हादसे में घर के कमरे में अज्ञात कारणों से आग लगने से एक युवती की जलकर मौत हो गई, जबकि उसे बचाने आए पिता भी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दियारी गांव निवासी गोविंद लाल के मकान के एक कमरे में अचानक आग लग गई। उस समय कमरे में उनकी 19 वर्षीय पुत्री मीना आर्य मौजूद थी। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों व पुलिस ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। क्वारब चौकी पुलिस के एसआई मनोज अधिकारी ने बताया कि आग में गंभीर रूप से झुलसी मीना आर्य को पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी सुयालबाड़ी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय मीना के पिता गोविंद लाल पास के कमरे में खाना खा रहे थे। पुत्री को बचाने के प्रयास में वे भी आग की चपेट में आ गए और झुलस गए। उनका सीएचसी सुयालबाड़ी में उपचार किया गया। आग बुझाने के लिए अल्मोड़ा से अग्निशमन वाहन बुलाया गया। ग्रामीणों तथा पुलिस कर्मियों आनंद राणा, विजय अगारी और गोपाल बिष्ट की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

