सड़क हादसे में पिता, पुत्र की मौत

ख़बर शेयर करें

परिवार के साथ मथुरा वृंदावन परिक्रमा करने गए कारोबारी पिता-पुत्र का स्थानीय लोगों से विवाद हो गया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। वहां से किसी तरह बचकर निकल रहे परिवार की कार रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में घायल पिता-पुत्र की मौत हो गई। परिजनों ने मथुरा पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। रामपुर रोड स्थित भोलानाथ गार्डन निवासी राम प्रसाद ने बताया कि सिंधी चौराहे के पास एस.कुमार स्वीट्स नाम से मिठाई की दुकान चलाने वाले संजय उर्फ राजू परिवार के साथ मथुरा वृंदावन में परिक्रमा के लिए गए थे। इस दौरान उनका पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद हो गया। लोगों ने उन्हें बेरहमी से पीट दिया। दोनों किसी तरह वहां से अपनी कार लेकर निकल आए।

लेकिन कुछ दूर जाते ही उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पिता संजय उर्फ राजू की मौत हो गई, जबकि बेटे विशाल को रेफर कर दिया गया। सोमवार को उपचार के दौरान बेटे विशाल की भी मौत हो गई। मंगलवार को विशाल का शव भोलानाथ गार्डन स्थित आवास पर लाया गया।

दोपहर बाद उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने इसकी जानकारी होने से इनकार किया है। वहीं मथुरा गोवर्धन के थानाध्यक्ष नितिन कसाना ने बताया कि दुर्घटना का मामला सामने आया था। दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया गया था। मामले की जांच की जा रही है।

Join WhatsApp Group
Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page