आंवला एकादशी पर सुयालबाड़ी में विशाल भंडारा, तीन किमी पैदल चलकर पहुंचे श्रद्धालु

ख़बर शेयर करें

आंवला एकादशी पर सुयालबाड़ी में विशाल भंडारा, तीन किमी पैदल चलकर पहुंचे श्रद्धालु
सुयालबाड़ी (नैनीताल)। सुयालबाड़ी क्षेत्र में आंवला एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला। नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत टैक्सी यूनियन सुयालबाड़ी के समस्त वाहन स्वामियों के सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के पश्चात आयोजित भंडारे में सुयालबाड़ी व आसपास के गांवों से आए लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन देर शाम तक चलता रहा और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
बताया गया कि मंदिर तक पहुंचने के लिए कई श्रद्धालुओं को लगभग तीन किलोमीटर तक पैदल सफर तय करना पड़ता है। इसके बावजूद सुयालबाड़ी, छिमी, मटेला, तवालेख, हरतोला, सिमराड़, बांज, टिकुरी, पाथरी, विचखाली, बांसगांव और सुयालगाड़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से भक्त समय-समय पर यहां पहुंचते रहे।
स्थानीय शिवालय और देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी पांडे और कांडपाल परिवारों द्वारा निभाई जाती है। टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने स्वयं व्यवस्थाएं संभालते हुए आगंतुकों की सेवा की। स्थानीय निवासियों ने यूनियन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और सहयोग की भावना मजबूत होती है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page