- नौ दिन से कार्यबहिष्कार जारी, ग्रामीणों और काश्तकारों को हो रही परेशानी
- मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
भवाली। बहुद्देशीय सहकारी समितियों के कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों के कार्यबहिष्कार के चलते सहकारी समिति कार्यालयों और मिनी बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। इससे ग्रामीणों और काश्तकारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अब आंदोलनरत कर्मचारियों के समर्थन में सहकारी समिति प्रबंधन बोर्ड भी उतर आया है। भवाली सहकारी समिति के अध्यक्ष नवीन सिंह क्वीरा और बानना सहकारी समिति के अध्यक्ष एवं निदेशक धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण मिनी बैंकों में लेन-देन प्रभावित हो रहा है। इन बैंकों के माध्यम से प्रतिदिन होने वाले हजारों रुपये के लेन-देन पर रोक लगने से ग्रामीणों की आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। समिति कार्यालयों में कामकाज बंद होने से किसानों को भी आवश्यक कार्यों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कर्मचारियों की मांगों को बताया जायज
समिति अध्यक्ष नवीन सिंह क्वीरा ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि सचिवों और कर्मचारियों को सरकारी सेवा में शामिल करने, मिनी बैंकों में सुदृढ़ ऋण व्यवस्था लागू करने और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने जैसी मांगें पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए, ताकि सहकारी समितियों की व्यवस्थाएं सुचारु हो सकें।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो बोर्ड भी करेगा आंदोलन
समिति अध्यक्ष ने सरकार से कर्मचारियों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं किया गया तो प्रबंधन बोर्ड के सदस्य भी काश्तकारों के हितों और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर बोर्ड आंदोलन को और तेज करेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



