चांफी-पदमपुरी मोटर मार्ग की बदहाली पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने उठाए सवाल, जांच की मांग
धारी। चांफी से पदमपुरी तक मुख्य मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सरकार और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मीडिया को जारी बयान में कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण अब लोगों को आए दिन घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
मनोज शर्मा ने कहा कि भीमताल क्षेत्र में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी, लेकिन अब इसका असर पदमपुरी तक पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चांफी से पदमपुरी तक सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों, यात्रियों और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुधार की मांग उठाने के बाद क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री की ओर से डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया, लेकिन इसके बाद भी धरातल पर काम की गति बेहद धीमी है। आरोप लगाया कि सड़क को जगह-जगह खोद दिया गया है, जबकि गड्ढे अभी भी जस के तस बने हुए हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि व्यस्त मार्ग होने के बावजूद अतिरिक्त श्रमिक लगाकर तेजी से गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाना चाहिए था, लेकिन पिछले दो माह से केवल दो मजदूरों के भरोसे लॉक टाइल लगाने का काम चल रहा है। सड़क पर रेता, बजरी और निर्माण सामग्री फैली होने से जाम की स्थिति और गंभीर हो रही है।
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लॉक टाइल उखड़ने लगी हैं और किनारों की सपोर्टिंग वॉल भी कमजोर दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की घोषणाओं के बावजूद धरातल पर लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
मनोज शर्मा ने सरकार से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

