इंस्टाग्राम पोस्ट एडिट कर अधिवक्ता को बदनाम करने का आरोप, पुलिस को दी तहरीर

ख़बर शेयर करें

भवाली। नगर के श्यामखेत निवासी अधिवक्ता आरिफ खान ने सोशल मीडिया पर उनकी फोटो का दुरुपयोग कर मानहानिकारक और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने का आरोप लगाते हुए भवाली कोतवाली एवं साइबर सेल में शिकायत दी है। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आरिफ खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इंस्टाग्राम आईडी “mofaizan781” से उनकी तस्वीर को कथित रूप से एडिट कर एक आपत्तिजनक पोस्ट तैयार की गई। आरोप है कि पोस्ट में अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उस पर आपत्तिजनक गाने जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। इसके बाद उक्त पोस्ट के स्क्रीनशॉट और वीडियो व्हाट्सएप के माध्यम से विभिन्न लोगों और समूहों में भी प्रसारित किए गए। प्रार्थी का कहना है कि इस घटना से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा, पेशेवर छवि और मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। उनका आरोप है कि अज्ञात व्यक्तियों ने सुनियोजित साजिश के तहत यह सामग्री तैयार कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया है। उन्होंने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की साइबर जांच कराने और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page