नैनीताल में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय में बदलाव, कमोडोर ऋषि रंजन ने संभाली कमान

ख़बर शेयर करें

भवाली। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, नैनीताल में गुरुवार को एक गरिमामय समारोह के बीच कमोडोर ऋषि रंजन ने ग्रुप कमांडर का पदभार विधिवत ग्रहण किया। इस अवसर पर 5 नवल यूनिट, यूके बटालियन एनसीसी एवं 79 यूके बटालियन एनसीसी के कैडेट्स ने उन्हें भव्य गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। मुख्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
समारोह में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नवीन सिंह ढैला, कर्नल कुणाल, कैप्टन मृदुल शाह, कर्नल अभिजीत मेहता, लेफ्टिनेंट कर्नल अर्चना चौधरी, कर्नल पी. कुलकर्णी, कर्नल जितेंद्र शर्मा और कर्नल देवेश सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान निवर्तमान ग्रुप कमांडर कमोडोर बी.आर. सिंह (बाल राजेश सिंह) को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। वक्ताओं ने उनके 30 वर्षों से अधिक के गौरवशाली सैन्य करियर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने 1990 में भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त किया था। अपने सेवाकाल में उन्होंने आईएनएस कृष्णा और आईएनएस सुजाता जैसे युद्धपोतों का सफल नेतृत्व किया तथा एनसीसी और नौसेना में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
एनसीसी नैनीताल में उनके कार्यकाल को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया गया। उनके नेतृत्व में प्रशिक्षण गुणवत्ता, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में बड़ा सुधार हुआ। उन्होंने ड्रोन प्रशिक्षण, आधुनिक फायरिंग रेंज, सिम्युलेटर और डिजिटल कॉन्फ्रेंस हॉल जैसी सुविधाओं को बढ़ावा दिया, जिससे कैडेट्स को आधुनिक प्रशिक्षण मिला। साथ ही ‘वाइब्रेंट विलेज’ जैसे अभियानों से जोड़कर युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत किया।
नव नियुक्त ग्रुप कमांडर कमोडोर ऋषि रंजन ने कहा कि वे एनसीसी को और अधिक आधुनिक, प्रभावी और कैडेट-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में जया कालाकोटी, इसरार बक्श, राजेंद्र सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और कैडेट्स मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page