भवाली। रामगढ़-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर 14 अगस्त को हुए टेंपो ट्रैवलर हादसे में तीन लोगों की मौत के मामले में वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। मृतक प्रदीप कुमार के पिता सुरेंद्र कुमार ने भवाली कोतवाली में दी तहरीर में चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
तहरीर के अनुसार, 13 अगस्त की रात प्रदीप कुमार अपनी पत्नी सोनिया, पुत्री मिस्ट्री, परिवार के रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ दिल्ली के जैतपुर-बदरपुर से उत्तराखंड के नैनीताल जिले में मुक्तेश्वर और कैंचीधाम घूमने के लिए टेंपो ट्रैवलर संख्या UP14TQ9690 से निकले थे। वाहन को चालक यश शर्मा निवासी सोनीपत चला रहा था।
आरोप है कि 14 अगस्त को मुक्तेश्वर से रामगढ़ की ओर आते समय लक्ष्मीखान रामगढ़ क्षेत्र में यात्रियों के कहने के बावजूद चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। हादसे में प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
तहरीर में बताया गया है कि प्रदीप की पत्नी सोनिया, पुत्री मिस्ट्री सहित अन्य यात्रियों को भी हादसे में सामान्य और गंभीर चोटें आईं। इसी दुर्घटना में दो अन्य लोगों की भी मौत हुई है।
मृतक के पिता ने चालक के खिलाफ तेज और लापरवाही से वाहन चलाने तथा दुर्घटना में तीन लोगों की मौत और अन्य यात्रियों के घायल होने के मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर को सीसीटीएनएस में दर्ज किया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

