- बिना कनेक्शन निर्माण कराने और मोटर से पानी खींचने का आरोप
- क्षेत्र के सात परिवारों में पेयजल संकट
भवाली। भवाली के कहल क्वीरा क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष नंदकिशोर पांडे ने क्षेत्र में निर्माण कार्य करा रहे एक बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें मारने की धमकी दी जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। नंदकिशोर पांडे ने जारी बयान में कहा कि संबंधित बिल्डर बिना वैध पानी के कनेक्शन के दबंगई के बल पर भवन निर्माण करा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य के लिए मोटर लगाकर पाइपलाइन से पानी खींचा जा रहा था, जिसके चलते आसपास के सात परिवारों के घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई। स्थानीय लोगों को कई दिनों से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल संस्थान अधिकारियों को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन शिकायत के बाद बिल्डर ने उन्हें “देख लेने” की धमकी दी। नंदकिशोर पांडे ने कहा कि वह गुरुवार को पुलिस और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित बिल्डर की होगी।
वहीं मामले में जल संस्थान जेई गोपाल कार्की ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि निर्माणाधीन भवन में मोटर लगाकर पानी खींचा जा रहा था। विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर मोटर हटवा दी गई है और संबंधित पक्ष को चेतावनी भी दी गई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

